राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव
विदिशा। शहर के अग्रणी शिक्षण संस्थान शासकीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय में आज वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष भर आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। महाविद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। एकल नृत्य, समूह नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति की पूर्व अध्यक्ष सुमन सोनी ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मुकेश टंडन उपस्थित रहे। साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य बड़ा अहिरवार सहित स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और महाविद्यालय परिवार ने शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराया।
