मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत अयोध्या जाने वाले तीर्थ यात्रियों का महापौर ने किया स्वागत व सम्मान, दी बिदाई।

खंडवा जिले की चारों विधानसभा से 779 तीर्थ यात्री रवाना हुए भगवान रामलला की जन्म भूमि अयोध्या।
खंडवा। पावन अयोध्या तीर्थ यात्रा के अंतर्गत 27 फरवरी शुक्रवार को खंडवा रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन द्वारा खंडवा जिले के 779 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या के लिए दोपहर 3:55 को रवाना हुआ। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पूरे देश के इतिहास में मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से 60 वर्ष से अधिक बुजुर्गों के लिए तीर्थ दर्शन योजना लगातार चल रही है मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के नेतृत्व में प्रत्येक जिले से अयोध्या, रामेश्वर, शिरडी, जगन्नाथ पुरी, वैष्णो देवी, काशी, हरिद्वार एवं अन्य तीर्थो पर निशुल्क श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए सभी सुविधाओं के साथ ले जाया जा रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत खंडवा जिले से 779 तीर्थ यात्री एवं अनुरक्षक सहित 20 कर्मचारी जिसमें डॉक्टर और पुलिस बल भी शामिल है तीर्थ यात्रियों की सेवा के लिए शुक्रवार को अयोध्या के लिए रवाना हो गए तीर्थ यात्रियों की या ट्रेन 2 मार्च को वापस खंडवा पहुंचेगी। रेलवे स्टेशन पर अयोध्या जाने वाले सभी तीर्थ यात्रियों का महापौर अमृता अमर यादव ने पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान करते हुए उन्हें मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम प्रमुख रूप से श्री उपाध्याय जी एवं अन्य स्टाफ द्वारा यात्रा के पूर्व चयनित यात्रियों को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक पार्वतीबाई धर्मशाला (रेलवे स्टेशन के सामने, खंडवा) में टिकट वितरण किया गया। समस्त व्यवस्थाएँ प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वय से सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुईं।
श्रद्धालुओं में भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या धाम के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण परिलक्षित हुआ। जय श्री राम के उद्घोष के साथ इस स्पेशल ट्रेन को महापौर अमृता यादव, खंडवा खंडवा रेलवे स्टेशन मैनेजर अरविंद शहा, समाजसेवी सुनील जैन द्वारा रवाना किया गया।
