शेख आसिफ ब्यूरो खंडवा
जोशी नगर कॉलोनी में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी पर्व, बच्चों ने बनाया 15 फीट ऊंचा रावण![]()
खंडवा। शहर की जोशी नगर कॉलोनी में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने मिलकर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया। खास बात यह रही कि कॉलोनी के बच्चों ने आपसी सहयोग और मेहनत से 15 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण किया, जिसका विधिवत दहन किया गया।
बच्चों की इस रचनात्मक पहल और मेहनत की सराहना करते हुए कॉलोनी के वरिष्ठजनों ने रावण का पुतला बनाने वाली पूरी टीम को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं, विजयादशमी से पहले कॉलोनी में मातृशक्ति द्वारा नौ दिवसीय गरबा कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और कॉलोनीवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव, परंपरा और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा।
कॉलोनीवासियों ने सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग देने वाले वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास और एकजुटता से ही त्योहारों को इस तरह उत्साह और उल्लास के साथ मनाना संभव हो पाता है।
इस आयोजन में प्रमोद राठौड़, रोहित यादव, शुभम पटारिया, देवांश राठौर, सुनील दशोरे, दीपक मालवीय और सेवकराम पटेल सहित अन्य कॉलोनीवासियों का सहयोग रहा।
जोशी नगर कॉलोनीवासियों ने समस्त क्षेत्रवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता के साथ सभी त्योहार मनाने का संदेश दिया।
