लायंस रीजन कॉन्फ्रेंस ‘श्रेया अलंकार’ में सेवा का उत्साह: लायन प्रेरणा दुबे सर्वश्रेष्ठ जोन चेयरपर्सन अवॉर्ड से सम्मानित।
शेख़ आसिफ खंडवा
खंडवा। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 G-1 की भव्य रीजन कॉन्फ्रेंस ‘श्रेया अलंकार’ का आयोजन हाल ही में खंडवा में संपन्न हुआ। रीजन चेयरपर्सन लायन राजीव मालवीय (रीजन 11) के कुशल और व्यवस्थित नेतृत्व में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस की हर तरफ सराहना की जा रही है। कार्यक्रम की गरिमा मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन अनिल खंडेलवाल और उनकी कैबिनेट टीम की उपस्थिति से और बढ़ गई।
शानदार नेतृत्व और व्यवस्था की सराहना
रीजन चेयरपर्सन लायन राजीव मालवीय ने इस आयोजन को बेहद अनुशासित और गरिमामयी ढंग से प्रबंधित किया। कॉन्फ्रेंस में बड़वाह, सनावद, धार, हरसूद, महेश्वर और इंदौर सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 250 लायन साथियों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। उपस्थित सभी अतिथियों ने आयोजन की भव्यता और राजीव मालवीय द्वारा की गई सटीक व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
प्रेरणा दुबे का ‘सर्वश्रेष्ठ’ सम्मान
कॉन्फ्रेंस का सबसे गौरवशाली क्षण तब आया जब जोन 2 की लायन प्रेरणा दुबे को ‘सर्वश्रेष्ठ जोन चेयरपर्सन’ के अवार्ड से नवाजा गया। लायन राजीव मालवीय ने स्वयं प्रेरणा दुबे को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। संजना खत्री ने बताया कि प्रेरणा दुबे ने अपने कार्यकाल के दौरान सेवा के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने न केवल अपने जोन के सभी क्लबों को सक्रिय रखा, बल्कि स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण और निर्धन सहायता जैसे सेवा कार्यों में अभूतपूर्व समर्पण दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु चुना गया।
ओजस क्लब ने व्यक्त की प्रसन्नता
प्रेरणा दुबे की इस उपलब्धि पर उनके होम क्लब ‘ओजस’ में हर्ष की लहर है। माइक्रो कैबिनेट मेंबर लायन संजना खत्री, अध्यक्ष रजनी शर्मा, सचिव लिट्टी मैथ्यू, कोषाध्यक्ष डॉ. इंदरदीप कौर, प्रथम उपाध्यक्ष सरिता राजोरिया, उषा तिवारी और साधना काले ने संयुक्त रूप से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रेरणा के कड़े परिश्रम और सेवा भावना का प्रतिफल है।
