विश्व योग दिवस पर होमगार्ड, एसडीईआरएफ और आपदा मित्रों ने किया संयुक्त योगाभ्यास

मानसून से पहले बाढ़ आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण, 180 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा।
खंडवा। विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, खंडवा द्वारा होमगार्ड, एसडीईआरएफ, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आपदा मित्रों के लिए संयुक्त योग एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 180 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास और आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने किया। इस दौरान प्लाटून कमांडर मनीष यादव, हवलदार नितिन पुरे सहित होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। योग सत्र के बाद आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को बोट असेंबली एवं डिसअसेंबली, बोट संचालन, जल बचाव तकनीक, लाइफ जैकेट के सुरक्षित उपयोग, लाइफ बॉय थ्रोइंग तथा आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां व्यवहारिक रूप से दी गईं। जिला कमांडेंट श्री कुशवाहा ने आपदा की स्थिति में समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक कौशलों का अभ्यास भी कराया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों और स्वयंसेवकों की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाना था। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए ऐसे प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम के सफल आयोजन से जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों और सामुदायिक सहभागिता को और अधिक मजबूती मिली है।
