सूर्य तरंग ब्यूरो खंडवा
सेवा संकल्प अभियान के तहत बेन्स पब्लिक स्कूल पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष प्रियांशु चौरे,उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित,
शिक्षा और अनुशासन के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का दिलाया संकल्प।
खंडवा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्कूलों में आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के क्रम में बेन्स पब्लिक स्कूल में पुरस्कार एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रियांशु चौरे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल के डायरेक्टर कपिल चौधरी ने उनका स्वागत किया और विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
चित्रों में दिखी बच्चों की रचनात्मक सोच
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रियांशु चौरे ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों ने स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण, राष्ट्रहित, विकसित भारत और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विषयों को अपनी कल्पना और रंगों के माध्यम से चित्रों में प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने विद्यार्थियों के भाषण भी सुने। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेवा और जिम्मेदारी का भाव जरूरी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रियांशु चौरे ने कहा कि सेवा संकल्प केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति सेवा एवं जिम्मेदारी की भावना को समझने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण, शिक्षा और राष्ट्रहित जैसे विषयों पर अपने विचार रखना समाज के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा के साथ अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को समझना भी जरूरी है। अच्छी शिक्षा, अनुशासन, अच्छा आचरण और सामाजिक जिम्मेदारी जीवन में आगे बढ़ने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
विकसित भारत की शुरुआत खुद से
भाजपा जिला अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा करते हुए कहा कि देश को विकसित बनाने की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से और अपने घर से करनी होगी।
उन्होंने बच्चों से सवाल किया कि “मेरा घर, मेरा समाज और मेरा देश स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर और खुशहाल कैसे बने, इसमें मेरी क्या जिम्मेदारी है?” उन्होंने कहा कि यही सोच नई पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बच्चों को बताया नागरिक कर्तव्य का महत्व
प्रियांशु चौरे ने कहा कि जिस तरह परिवार को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए जिम्मेदारी जरूरी होती है, उसी तरह शहर, प्रदेश और देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने में भी प्रत्येक नागरिक की भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को अभी से स्वच्छता, अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र की दिशा तय करने वाली नई पीढ़ी होंगे।
विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में प्रियांशु चौरे ने विद्यार्थियों से स्वच्छता, शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पालन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
शेख़ आसिफ खंडवा
