स्वामी विवेकानंद जयंती पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा माल्यार्पण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन
#छतरपुर,
आज 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के पावन अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, छतरपुर इकाई द्वारा नगर के बिजावर नाका तिराहे पर स्थित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर विधिवत माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कायस्थ समाज के सभी बंधुओं ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं उनके प्रेरणादायी विचारों के स्मरण के साथ किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत या दार्शनिक ही नहीं थे, बल्कि वे युवाओं के पथप्रदर्शक, समाज सुधारक और राष्ट्र निर्माण के महान चिंतक थे। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया और युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण एवं सेवा भाव का संदेश दिया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश सचिव एडवोकेट अभिषेक खरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, अनुशासन और सेवा के माध्यम से समाज व राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
संभागीय अध्यक्ष आदित्य कुमार सक्सेना ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने भारत की आत्मा को पहचानने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उनके विचारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जिला अध्यक्ष रविंद्र खरे एवं एडवोकेट नरेंद्र खरे ने कहा कि कायस्थ समाज सदैव शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक सेवा में अग्रणी रहा है और स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करेगा।
युवा अध्यक्ष आशीष खरे राजा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा यदि स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में उतार ले तो देश को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उपाध्यक्ष आशीष खरे बोरवेल, मीडिया प्रभारी नीरज खरे, युवा कोषाध्यक्ष शिवम खरे (समृद्धि ग्रुप), युवा उपाध्यक्ष अभय निगम, संदीप खरे सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कायस्थ बंधुओं ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने, समाज में शिक्षा, संस्कार एवं सेवा भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र हित में सदैव समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पदाधिकारीगण, युवा कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।


