खण्डवा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए होंगी बस सुविधा उपलब्ध,जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. विजय शाह ने की घोषणा।

0
119

खण्डवा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए होंगी बस सुविधा उपलब्ध,जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. विजय शाह ने की घोषणा।IMG 20260129 WA0029 IMG 20260129 WA0034 IMG 20260129 WA0032

प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह ने गुरूवार को खण्डवा के नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में “फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी” विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर खण्डवा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय में पीपीपी मॉडल से एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में खण्डवा की विधायक कंचन मुकेश तन्वे, महापौर अमृता अमर यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार राय, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दादू एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत सहित मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि वर्तमान युग में बढ़ते अपराधों को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस का महत्व बढ़ता जा रहा है, क्योंकि इसकी मदद से अपराधियों को पकड़ने और उन्हें सजा दिलाना आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। पहले प्रदेश में गिने चुने मेडिकल कॉलेज ही थे, लेकिन अब हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने का संकल्प सरकार ने लिया है। इसके तहत कुछ जिलों में सरकारी तो कुछ में प्रायवेट मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जनजातीय वर्ग के मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को हर तरह की मदद दिलाई जाती है। विदेश जाकर मेडिकल सम्बंधी पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स करने के इच्छुक कमजोर वर्ग के विद्यार्थी को प्रदेश सरकार 40 हजार अमेरिकन डॉलर की मदद प्रतिवर्ष करती है। इसके साथ ही विद्यार्थी के विदेश आने जाने का किराया भी प्रदेश सरकार उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के 14 विद्यार्थी विदेश जाकर मेडिकल सम्बंधी पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स पूर्ण कर चुके हैं।

कार्यक्रम में विधायक तन्वे ने सम्बोधित करते हुए कहा कि फॉरेंसिक साइंस का उपयोग किसी भी आपराधिक घटना के बाद उसके कारणों का पता लगाने में होता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने में फॉरेंसिक साइंस का विशेष महत्व होता है। महापौर श्रीमती यादव ने कहा कि खण्डवा में “फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी” विषय पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन हमारे नगर के लिए गर्व की बात है। इस अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

कलेक्टर गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि मेडिकल के विद्यार्थियों को अपने कोर्स की पढ़ाई के साथ साथ भीड़ प्रबंधन तथा कम्युनिकेशन स्किल भी सीखना चाहिए। साथ ही भीड़ के मनोविज्ञान और भीड़ के व्यवहार के बारे में भी जानना चाहिए। ताकि अस्पतालों में विपरीत परिस्थितियों से डॉक्टर्स निपट सकें। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में जब किसी मरीज की मृत्यु हो जाती है, और उसके परिजन आक्रोशित होते हैं, तब डॉक्टर्स को उस परिस्थिति से निपटने के लिए किस तरह से तैयार रहना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here