चि
लचिलाती धूप में भी क्षेत्रहित के लिए डटी रहीं विधायक छाया मोरे, स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री से की महत्वपूर्ण मुलाकात।
खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर पंधाना विधायक छाया मोरे की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। सोमवार को भोपाल स्थित स्टेट हैंगर पर विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विशेष बात यह रही कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद विधायक छाया मोरे स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए डटी रहीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जब उनसे धूप में खड़े रहने का कारण पूछा तो विधायक मोरे ने बेहद नम्रता के साथ कहा कि पंधाना क्षेत्र की कुछ अत्यंत आवश्यक समस्याएं हैं, जिनका समाधान जल्द होना जरूरी है। मुख्यमंत्री का समय लगातार व्यस्त होने के कारण अलग से मुलाकात का समय नहीं मिल पा रहा था, इसलिए उन्होंने स्टेट हैंगर पर ही उपस्थित होकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराना उचित समझा। विधायक के इस समर्पण और गंभीरता को देखकर मुख्यमंत्री ने भी संवेदनशीलता के साथ उनकी बातों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुलाकात के दौरान विधायक छाया मोरे ने पंधाना में स्वीकृत माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर का कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि यह शिक्षा परिसर आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का बड़ा केंद्र साबित होगा, लेकिन स्वीकृति के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इसके साथ ही विधायक मोरे ने पंधाना विधानसभा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत बोरगांव बुजुर्ग को नगर परिषद का दर्जा देने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के तेजी से विकास को देखते हुए यहां नगरीय सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और जल संकट को लेकर विधायक मोरे ने मुख्यमंत्री का ध्यान क्षेत्र की पेयजल समस्याओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने सुक्ता जलाशय, पंधाना उद्वहन सिंचाई योजना एवं राजगढ़ भाम मध्यम सिंचाई योजना के माध्यम से तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग रखी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों और पशुओं के लिए पेयजल संकट से राहत मिल सके। साथ ही जल निगम द्वारा संचालित वृहद पेयजल योजना का कार्य समय पर पूरा कराने का भी आग्रह किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक छाया मोरे द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में विधायक छाया मोरे की इस पहल की सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि जनता की समस्याओं को लेकर जिस तरह विधायक मोरे ने धूप में खड़े रहकर भी मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई, वह उनके क्षेत्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
