तेज हवाओं से उखड़े टिन शेड,टूटे दर्जनों पेड़; कृषि उपसंचालक कार्यालय परिसर समेत कई क्षेत्रों में नुकसान।

खंडवा में आंधी-तूफान का कहर, जसवाड़ी रोड पर पेड़ धराशायी; बिजली और इंटरनेट सेवाएं ठप
खंडवा। रविवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने शहर में भारी तबाही मचा दी। जसवाड़ी रोड स्थित कृषि उपसंचालक कार्यालय परिसर में कई बड़े पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ों के गिरने से बिजली लाइन और इंटरनेट केबल भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके कारण क्षेत्र में विद्युत एवं संचार सेवाएं प्रभावित हो गईं।
आंधी की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जसवाड़ी रोड सहित आसपास के कई इलाकों में वर्षों पुराने पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई स्थानों पर टिन शेड उड़ गए और सड़क किनारे लगे अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ों की शाखाएं सड़कों पर गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार आंधी और तेज हवाओं के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि इंटरनेट केबल टूटने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और मार्गों को सुचारू करने तथा बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य शुरू किया गया।
गनीमत रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि कई स्थानों पर संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
