‘ऑपरेशन सहयोग’ में खंडवा पुलिस का दम, एसपी ने 123 मोबाइल किए सुपुर्द,गुम हुए मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे।
साइबर सेल की शानदार सफलता, एसपी अगम जैन ने मोबाइल धारकों को लौटाई उनकी अमानत,विश्वास की मिसाल बनी खंडवा पुलिस।
2026 में अब तक 274 मोबाइल रिकवर कर लौटाए।
खंडवा। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देश पर
जा रहे “ऑपरेशन सहयोग” के तहत खंडवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 22 लाख रुपये मूल्य के 123 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खंडवा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस के अनुसार पिछले एक माह के दौरान जिला साइबर सेल और सभी थाना प्रभारियों के समन्वित प्रयासों से गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग कंपनियों के 123 मोबाइल फोन रिकवर किए गए। इनमें वर्ष 2023, 2024 और 2025 में गुम हुए मोबाइल के साथ वर्ष 2026 में 20 से 25 दिन पहले गुम हुए मोबाइल भी शामिल हैं।
बरामद किए गए मोबाइलों में कोतवाली थाना क्षेत्र के 12, मोघट रोड के 4, पदमनगर के 4, छैगांव माखन के 9, जावर का 1, पिपलौद के 5, पंधाना के 6, धनगांव के 8, नर्मदानगर के 11, मांधाता के 16, मूंदी के 15, हरसूद के 10, खालवा के 18 तथा किल्लौद थाना क्षेत्र के 4 मोबाइल शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस ने उपस्थित नागरिकों को ‘सेफ क्लिक’ अभियान, साइबर अपराधों से बचाव तथा मोबाइल गुम होने पर संचार साथी ऐप एवं CEIR पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक खंडवा पुलिस 46 लाख रुपये मूल्य के कुल 274 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस दिला चुकी है।
इस कार्रवाई में जिला साइबर सेल के प्रधान आरक्षक जितेंद्र राठौर, विक्रम वर्मा तथा आरक्षक सुनील लाडगे, रामनरेश यादव, उदयसिंह राठौर, नरेंद्र मुकाती सहित सभी थाना क्षेत्रों के तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
