मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत खंडवा जिले से 196 तीर्थ यात्री मां वैष्णो देवी के लिए हुए रवाना।
खंडवा विधायक कंचन तनवे ने स्वागत अभिनंदन कर उन्हें विदा किया।
खंडवा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत शुक्रवार को खंडवा जिले से 196 तीर्थ यात्री वैष्णो देवी की यात्रा पर शाम 7:00 बजे रवाना हुए। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने सभी तीर्थ यात्रियों का का स्वागत सम्मान करते हुए उन्हें विदा किया। समाजसेवी और प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बुजुर्गों का एक सपना रहता है कि देश में स्थापित तीर्थो के दर्शन हो सके तो हमारा जीवन सुधर जाए। लेकिन आर्थिक व अन्य कारणो से गरीब बुजुर्ग तीर्थ यात्री तीर्थ वंदना से वंचित रह जाते थे। लेकिन प्रदेश की संवेदनशील और सेवा कार्यों को करने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा 60 वर्ष से अधिक बुजुर्गों को देश के बड़े से बड़े तीर्थ स्थान पर ले जाकर निशुल्क दर्शन करने की योजना शुरू की गई। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही एक अनूठी और लोकप्रिय योजना है, जिसकी शुरुआत जून 2012 में की गई। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों को उनके जीवनकाल में देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की नि:शुल्क यात्रा कराना है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि अभी तक जिले से हजारों की संख्या में बुजुर्ग इस योजना के माध्यम से तीर्थ वंदना कर चुके हैं इस योजना के अंतर्गत पूरा खर्च सरकार का यात्रा के दौरान विशेष ट्रेन की व्यवस्था, नाश्ता, भोजन, पीने का पानी, ठहरने और बस का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। शुक्रवार को बुरहानपुर खंडवा और हरदा से सैकड़ो की संख्या में तीर्थ यात्री मां वैष्णो देवी के दर्शन करने रवाना हुए इस अवसर पर खंडवा स्टेशन पर विधायक कंचन मुकेश तनवे द्वारा सभी तीर्थ यात्रियों का स्वागत वंदन कर उनसे चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक कंचन तनवे ने कहा कि भाजपा की सरकार द्वारा 60 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को देश के तीर्थो के लिए दर्शन करने की व्यवस्था शुरू की गई हर्ष का विषय है कि हमारे खंडवा जिले से शुक्रवार को 196 तीर्थ यात्री वैष्णो देवी की यात्रा पर रवाना हुए, मैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देती हूं कि इस प्रकार की योजना के माध्यम से बुजुर्गों का तीर्थ दर्शन वंदना का सपना पूर्ण हो रहा है। इस अवसर पर विधायक कंचन तंनवे के साथ धर्मेंद्र बजाज, सुनील जैन, भारत पटेल, बलदेव मौर्य, दुर्गेश शर्मा उपस्थित थे।प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रमुख तीर्थ स्थल, काशी, अयोध्या, रामेश्वरम, जगन्नाथपुरी, द्वारका, तिरुपति, वैष्णो देवी और शिरडी जैसे अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।
