स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि,सद्भावना मंच ने याद किए राष्ट्रऋषि के प्रेरक विचार
‘उठो, जागो और लक्ष्य तक मत रुको’
युवाओं को आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
खंडवा।
सद्भावना मंच द्वारा स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर मंच कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मंच संस्थापक प्रमोद जैन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन त्याग, ज्ञान, राष्ट्रप्रेम और मानव सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनका संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने “दरिद्र नारायण” की सेवा को ही ईश्वर की सच्ची पूजा बताया तथा आत्मविश्वास को सफलता का मूल मंत्र माना।
मंच के निर्मल मंगवानी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद का खंडवा से भी ऐतिहासिक संबंध रहा है। जून 1892 में संन्यासी के रूप में भ्रमण के दौरान वे खंडवा आए थे और यहीं उन्होंने पहली बार शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों को अपनाकर ही एक सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में प्रमोद जैन, पी.सी. इंग्ले, श्वेता हरि सखी, सुरेंद्र गीते, प्रशांत अंकिल, गणेश भावसार, डॉ. जगदीशचंद्र चौरे, के.बी. मंसारे, अनूप शर्मा, मनोज जोशी, योगेश गुजराती, एन.के. दवे, राधेश्याम शाक्य, अशोक जैन, अर्जुन बुंदेला, निर्मल मंगवानी, रामदुलारे शर्मा, कमल नागपाल, राजेश पोरपंथ, सुभाष मीणा एवं कैलाश पटेल सहित अन्य सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
