मेदाॉंता शिविर में 566 मरीजों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 765 आधुनिक जाँचें की गईं: डॉ. राकेश मिश्र

0
83

मेदाॉंता शिविर में 566 मरीजों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 765 आधुनिक जाँचें की गईं: डॉ. राकेश मिश्र

*पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के 50वें मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ चेक-अप शिविर में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से उमड़े मरीज: गजेन्द्र सोनकिया*

*श्रीमती शांति मिश्रा जन्मशताब्दी समारोह का भव्य शुभारम्भ, मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ: सुशील द्विवेदी*

नौगाँव (जिला छतरपुर)।पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की प्रेरणास्रोत एवं संस्थापिका पूज्य श्रीमती शांति मिश्रा जी के जन्मशताब्दी समारोह के शुभारम्भ अवसर पर सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नौगाँव में आयोजित 50वें निःशुल्क मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ चेक-अप शिविर के प्रथम दिवस 566 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 765 आधुनिक स्वास्थ्य जाँचें निःशुल्क सम्पन्न की गईं। मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अत्याधुनिक मशीनों से जाँच एवं परामर्श दिए जाने के कारण मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुँचे।

*दीप प्रज्वलन के साथ हुआ जन्मशताब्दी समारोह का शुभारम्भ: लव सुल्लेरे*

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि अपर जिला दण्डाधिकारी श्री विनय द्विवेदी, डॉ. राकेश मिश्र, डॉ. एस के तनेजा जी, डॉ. श्रीमती कोकिल भारद्वाज, सहित मंचासीन अतिथियों ने श्रीमती शांति देवी मिश्रा, पं. गणेश प्रसाद मिश्र एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन श्री गजेन्द्र सोनकिया ने किया।

*50वाँ शिविर सेवा यात्रा का स्वर्णिम पड़ाव : डॉ. राकेश मिश्र*

न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने आयोजन की भूमिका प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह न्यास का 50वाँ मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ चेक-अप शिविर है, जो सामान्य स्वास्थ्य शिविरों से अलग अत्याधुनिक जाँच एवं विशेषज्ञ परामर्श प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नौगाँव में तीसरी बार मेदांता अस्पताल की चलित मेडिकल यूनिट पहुँची है, जिससे ग्रामीण अंचल के लोगों को महानगर जैसी चिकित्सा सुविधाएँ उनके द्वार पर उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की स्थापना उनकी पूज्य माताजी श्रीमती शांति मिश्रा की प्रेरणा से हुई थी और आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के सभी सेवा कार्य उन्हीं के आदर्शों से प्रेरित हैं। उन्होंने सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से अपने आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया।

*महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अनुकरणीय पहल : विनय द्विवेदी*

मुख्य अतिथि श्री विनय द्विवेदी ने कहा कि अपनी माताजी की स्मृति में मेदांता जैसे विश्वस्तरीय अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों को ग्रामीण क्षेत्र तक लाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराना अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विशेष रूप से महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि समय पर जाँच होने से गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारम्भिक अवस्था में ही संभव हो जाती है।

*566 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, 765 आधुनिक जाँचें: सुशील द्विवेदी*

*शिविर में कुल 566 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें*

* ऑर्थोपेडिक – 182
* कार्डियोलॉजी – 169
* आंतरिक चिकित्सा – 65
* श्वसन रोग (रेस्पिरेटरी मेडिसिन) – 56
* महिला रोग एवं प्रसूति – 52
* गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (पेट एवं पाचन तंत्र रोग) -42

शिविर में कुल 765 जाँचें की गईं, जिनमें 198 बीपी, 151 HbA1c, 94 बीएमडी, 86 चेस्ट एक्स-रे, 82 पीएफटी, 79 ब्लड शुगर एवं 75 ईसीजी शामिल रहीं।

*जनप्रतिनिधियों ने भी कराई स्वास्थ्य जाँच: मोनू शर्मा*

शिविर की उपयोगिता एवं विश्वसनीयता का प्रमाण उस समय देखने को मिला, जब छतरपुर के पूर्व विधायक एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री उमेश शुक्ला तथा श्री पुष्पेन्द्र सिंह ‘गुड्डू’ ने स्वयं उपस्थित होकर अपने स्वास्थ्य की संपूर्ण जाँच कराई और शिविर की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की।

*प्रत्येक मरीज को दिए गए उपयोगी उपहार: नरेन्द्र मिश्र*

शिविर में पंजीयन कराने वाले सभी मरीजों को पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र की ओर से एक बड़ा कपड़े का थैला, सब्जियों के बीज, चाबी का छल्ला, भगवान धन्वंतरि का चित्र तथा एक उपयोगी स्मृति बैग भेंट किया गया। वहीं सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति स्वरूप आकर्षक दीवार घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*दो राज्यों के 14 जिलों से पहुँचे मरीज: श्रीराम रिछारिया*

शिविर में मध्यप्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, दमोह, पन्ना एवं सतना जिलों के साथ-साथ उत्तरप्रदेश के महोबा, बांदा, झाँसी एवं जालौन से बड़ी संख्या में मरीज पहुँचे। सभी ने मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सेवाओं तथा श्रीमती शांति देवी मिश्रा के सुपुत्र डॉ. राकेश मिश्र एवं उनके परिवारजनों द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

*दिनभर सेवा में जुटी रही सेवा न्यास की टीम: प्रतीक सक्सैना*

न्यास की सचिव श्रीमती आशा रावत, उपाध्यक्ष श्रीमती मालती मिश्रा, कोषाध्यक्ष श्रीमती रेखा अवस्थी एवं डॉ. रचना मिश्रा सहित समस्त महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता पूरे दिन मरीजों की सेवा में समर्पित रहे। शिविर में आने वाले सभी मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए दोपहर के भोजन, चाय एवं बिस्कुट की उत्तम व्यवस्था की गई।

*अनेक जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति: विजय द्विवेदी*

कार्यक्रम में महोबा विधायक श्री राकेश गोस्वामी, पूर्व विधायक श्री पुष्पेन्द्रनाथ पाठक, पूर्व विधायक श्री उमेश शुक्ला, श्री पुष्पेन्द्र सिंह ‘गुड्डू’, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनूप कुमार तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री राकेश पाठक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री बिनय पटेरिया, श्री मणिकांत चौरसिया, श्री बजगोपाल अग्रवाल, प्राचार्य श्री धीरेन्द्र श्रीवास्तव, श्री विवेक चतुर्वेदी, टीकमगढ़ कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन श्री गोपाल राय, उत्तरप्रदेश के पूर्व विधायक श्री राकेश शुक्ला ‘राधे’ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

*राष्ट्रगान के साथ प्रथम दिवस का समापन*

शिविर का समापन विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में श्री प्रतीक सक्सेना ‘सन्नो’ ने मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों, सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

*रविवार को होगा निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मेलन, ‘स्वस्थ नारी–सुखी नारी’ अभियान का होगा शुभारम: श्रीमती मालती मिश्रा*

*श्रीमती शांति देवी मिश्रा जन्मशताब्दी समारोह के दूसरे दिन मेदांता अस्पताल करेगा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण: रेखा अवस्थी*

*शांति मिश्रा जी की जीवनी पर बनी लघु फिल्म का भी होगा लोकार्पण: डॉ. रचना मिश्रा*
पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा पूज्य श्रीमती शांति देवी मिश्रा की जन्मशताब्दी समारोह के दूसरे दिन रविवार, 2 अगस्त को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नौगाँव में अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत “निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मेलन”, ‘स्वस्थ नारी–सुखी नारी’ अभियान का शुभारम्भ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण तथा श्रीमती शांति मिश्रा जी के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित लघु फिल्म का लोकार्पण किया जाएगा।

*ये होंगे मुख्य अतिथि:

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री श्री लखन पटेल जी, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सागर रेंज श्री मिथिलेश शुक्ला जी, श्री मती कमलावती सिंह राज्य महिला कल्याण आयोग की अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

*आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण: हेमलता पाठक*

कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे छतरपुर जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिला कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक मशीनों के माध्यम से उनका संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।

इसी अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “स्वस्थ नारी–सुखी नारी” अभियान का औपचारिक शुभारम्भ भी किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण, जीवनशैली एवं रोगों की समय पर पहचान के संबंध में विशेषज्ञ जानकारी प्रदान की जाएगी।

*महिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए समर्पित रहा श्रीमती शांति देवी मिश्रा का जीवन*

वक्ताओं द्वारा पूज्य श्रीमती शांति देवी मिश्रा के समाजसेवी जीवन को स्मरण किया जाएगा। वे ग्राम धवररा की उपसरपंच रहीं तथा ग्रामीण क्षेत्र में महिला शिक्षा, महिला स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा। उनके जीवन मूल्यों एवं सेवा कार्यों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिले, यही जन्मशताब्दी समारोह का प्रमुख उद्देश्य है।

*जीवन पर बनी प्रेरणादायी फिल्म का होगा लोकार्पण*

श्रीमती शांति मिश्रा के प्रेरक जीवन एवं सामाजिक योगदान पर श्री विराज तिवारी द्वारा निर्मित एक विशेष लघु फिल्म का भी समारोह में लोकार्पण किया जाएगा। यह फिल्म उनके संघर्ष, सेवा, नेतृत्व एवं समाज के प्रति समर्पण को भावी पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी।

*महिलाओं के लिए होगा विशेष प्रेरणा एवं जागरूकता कार्यक्रम*

रविवार प्रातः 11:00 बजे सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में महिलाओं के लिए एक विशेष प्रेरणा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें क्षेत्र की सभी महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सक एवं अतिथि महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देंगे।

पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने क्षेत्र की सभी महिलाओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस जनकल्याणकारी आयोजन में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here