*श्रीमती शांति मिश्रा जी की जन्म शताब्दी समारोह का शुभारंभ एक अगस्त से: डॉ. राकेश मिश्र*
दो दिवसीय आयोजन में पचासवाँ मल्टी- स्पेश्यलिटी हैल्थ चैक- अप कैंप नौगांव में: गजेन्द्र सौनकिया
‘*स्वस्थ नारी–सुखी नारी’ अभियान एवं निर्वाचित महिला जन प्रतिनिधि सम्मेलन होगा आकर्षण: राकेश पाठक*
नौगांव /छतरपुर/ सतना 29 जुलाई ।पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की संस्थापिका श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित होने वाले सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ 1 एवं 2 अगस्त को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नौगाँव, जिला छतरपुर में दो दिवसीय समारोह के साथ किया जाएगा।
स्वर्गीय श्रीमती शांति मिश्रा पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की संस्थापिका थीं। उनके सेवा, समर्पण एवं समाजोत्थान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए न्यास ने पिछले नौ वर्षों में मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, सामूहिक कन्या विवाह और ग्रामीण विकास के अनेक सेवा कार्य किए हैं। समीपवर्ती ग्राम – धवर्रा में प्रतिवर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, ऑंख एवं कान के शिविर, वृक्षारोपण अभियान एवं ग्राम विकास की अनेक योजनाएँ संचालित की जाती हैं। इसी प्रकार प्रयागराज महाकुंभ एवं प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले माघ मेले में कल्पवासियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सेवा शिविर भी संचालित किया जाता है।जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया है ।
*दो दिवसीय आयोजन में पचासवाँ मल्टी- स्पेश्यलिटी हैल्थ चैक- अप कैंप नौगांव में: गजेन्द्र सौनकिया*
समारोह के प्रथम दिवस 1 अगस्त (शनिवार) प्रातः 10 बजे से न्यास के 50 वें निःशुल्क पचासवाँ मल्टी- स्पेश्यलिटी हैल्थ चैक- अप कैंप का शुभारंभ होगा। इसी अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को समर्पित “स्वस्थ नारी–सुखी नारी” अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा। मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम दो दिनों तक ह्रदय रोग, गैस्ट्रोइंट्रो, हड्डी रोग, स्त्री एवं कैंसर रोग, नैफ्रोलॉजी, सामान्य चिकित्सा सहित विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क जाँचें , परामर्श एवं स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। यह स्वास्थ्य शिविर दोनों दिनों तक संचालित रहेगा तथा रविवार दो अगस्त सायं पांच बजे इसका समापन होगा।
‘*स्वस्थ नारी–सुखी नारी’ अभियान एवं निर्वाचित महिला प्रतिनिधि सम्मेलन होगा आकर्षण: राकेश पाठक*
दूसरे दिन रविवार 2 अगस्त प्रात: 11 बजे से निर्वाचित महिला जन प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला सशक्तिकरण, स्थानीय स्वशासन में महिलाओं की भूमिका, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक नेतृत्व जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
समारोह में मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर जी, मध्यप्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती रेखा यादव (पूर्व विधायक), मध्यप्रदेश महिला आयोग की सदस्य एवं पूर्व विधायक श्रीमती साधना स्थापक, तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला कल्याण आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कमलावती सिंह (लखनऊ) सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। इनके करकमलों से श्रीमती शांति मिश्रा की जन्म शताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास ने क्षेत्र की सभी महिलाओं, निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से दो दिवसीय कार्यक्रमों में सहभागिता कर स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। कार्यक्रम संयोजक गजेन्द्र सौनकिया ने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर नौगांव में सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की बैठक व अन्य तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं।बड़ी संख्या में लोगों ने आनलाइन पंजीकरण कराया है ।
