शेख़ आसिफ स्टेट हेड खंडवा
मेक्रो विज़न एकेडमी में ‘वंदे मातरम्’ पर विशेष कार्यक्रम, 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

बुरहानपुर:मेक्रो विज़न एकेडमी के अनहद आनंद ऑडिटोरियम में ‘वंदे मातरम्’ विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को देश के प्रति कर्तव्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
*‘वंदे मातरम्’ भक्ति और समर्पण का प्रतीक*
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंडवा विभाग के प्रचारक प्रमुख विजेंद्र गोठी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति भक्ति, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश के विकास और सुरक्षा में अपना योगदान दे।
*अनुशासन और समाज सेवा से होगा राष्ट्र निर्माण*
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विजेंद्र गोठी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में अनुशासन और समाज सेवा की भावना का विशेष महत्व है। जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेगा, तभी देश प्रगति के नए आयामों को छुएगा।
उन्होंने व्यापार और उद्योग जगत से भी समाज सेवा तथा राष्ट्रहित के कार्यों से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लघु विकास और सेवा भारती के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
*1500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प*
मेक्रो विज़न एकेडमी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 1500 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े गणमान्य लोग, टेक्सटाइल व्यवसायी एवं सेवा भारती के सह-संयोजक तथा लघु विकास के उप प्रमुख वेदांत मित्तल, अभय विश्वकर्मा जिला प्रमुख, ब्रह्मपुर सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
*‘वंदे मातरम्’ और भारत माता के जयकारों से गूंजा परिसर*
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रसेवा, समाज सेवा और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष और ‘भारत माता की जय’ के जयकारों के साथ हुआ। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
