खंडवा के कोविद गंगराड़े ने चीन में रचा इतिहास, भारत के लिए जीता सिल्वर मेडल।

0
226

शेख आसिफ ब्यूरो खंडवा

खंडवा के कोविद गंगराड़े ने चीन में रचा इतिहास, भारत के लिए जीता सिल्वर मेडल।

70 देशों के 1400 प्रतिभागियों के बीच किया भारत का प्रतिनिधित्व,

डिजिटल इंटरएक्टिव मीडिया डिजाइन में हासिल की उपलब्धि
खंडवा के भांजे कोविद अजय गंगराड़े ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। चीन में आयोजित वर्ल्ड-स्किल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कोविद ने सिल्वर मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता में 70 देशों के करीब 1400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

डिजिटल इंटरएक्टिव मीडिया डिजाइन में पदक

कोविद गंगराड़े ने डिजिटल इंटरएक्टिव मीडिया डिजाइन कैटेगरी में भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत को कुल 6 सिल्वर मेडल मिले, जिनमें कोविद की उपलब्धि भी शामिल है। प्रतियोगिता के लिए भारत से करीब 300 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल चीन गया था।
NIFT मुंबई से कर रहे B.Des की पढ़ाई
कोविद वर्तमान में NIFT मुंबई से B.Des की पढ़ाई कर रहे हैं। महाराष्ट्र से पढ़ाई करते हुए वर्ल्ड-स्किल प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले वे अकेले उम्मीदवार बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात की तैयारी

कोविद की उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात का कार्यक्रम तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय की ओर से भी मुलाकात के लिए औपचारिक अनुरोध मिलने की बात कही गई है।

बहन भी जीत चुकी हैं इंडिया स्किल में गोल्ड

कोविद के परिवार में प्रतिभा और उपलब्धियों का सिलसिला पहले भी देखने को मिला है। उनकी बहन कोपल गंगराड़े ने वर्ष 2022 में IndiaSkill प्रतियोगिता में भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया था। वर्तमान में कोपल अमेरिका की Cornell University से Human Centered Design में पीएचडी कर रही हैं।

ग्रामीण अंचल से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

कोविद गंगराड़े का परिवार गांधवा, पंधाना का मूल निवासी है। उनकी शिक्षा कालमुखी-मातपुर जैसे ग्रामीण अंचल से हुई। परिवार आज भी अपनी मातृभूमि और समाज से जुड़ा हुआ है। यही वजह रही कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद खंडवा पहुंचने पर उनका रेलवे स्टेशन पर शहरवासियों और गंगराड़े समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया।

समाज ने दी बधाई

कोविद की इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय गंगराड़े समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट श्याम गंगराड़े, एडवोकेट मोहन गंगराड़े, डॉ. राम गंगराड़े, सुधांशु हिमांशु गंगराड़े, एडवोकेट विनम्र गंगराड़े और डॉ. हरीश श्याम गंगराड़े सहित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

खंडवा के ग्रामीण अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने वाले कोविद गंगराड़े की उपलब्धि ने परिवार, समाज और खंडवा का गौरव बढ़ाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here