बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से खेतों में तबाही, किसानों के बीच पहुंचीं विधायक छाया मोरे; तत्काल सर्वे कर मुआवजा प्रकरण बनाने के निर्देश।

खंडवा/पंधाना। पंधाना विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश, तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कई जगह पकी फसलें जमीन पर गिर गईं, तो कहीं खेतों में फसल सड़ने की स्थिति बन गई। इस गंभीर हालात के बीच पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे शुक्रवार को खुद गांव-गांव पहुंचीं और किसानों के खेतों में उतरकर नुकसान का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
विधायक मोरे ने भेरूखेड़ा, अत्तर, तलवड़िया, परेठी, हीरापुर, काकरिया, रेवाड़ा सहित अन्य गांवों में सघन दौरा कर किसानों से बातचीत की और फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति देखी। किसानों ने उन्हें बताया कि बेमौसम बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हुई है।
खेतों में पहुंचकर किसानों का दर्द सुना, दिया भरोसा
खेतों में नुकसान देखकर विधायक मोरे ने किसानों की पीड़ा को समझते हुए कहा कि “किसान हमारा अन्नदाता है, उनकी मेहनत पर पानी फिरते देख मन व्यथित है। संकट की इस घड़ी में सरकार और मैं किसानों के साथ खड़े हैं।”
उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पटवारी-आरआई को मौके पर बुलाया, सर्वे में लापरवाही नहीं चलेगी
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक मोरे ने मौके पर ही पटवारी एवं आरआई को तलब किया और सख्त निर्देश दिए कि—
तत्काल फसल नुकसान सर्वे शुरू किया जाए
पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से नुकसान का आंकलन किया जाए
हर पात्र किसान का नाम सर्वे सूची में शामिल हो
मुआवजे के प्रकरण तुरंत तैयार कर आगे भेजे जाएं
विधायक ने स्पष्ट किया कि सर्वे में देरी या भेदभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर से चर्चा, मुख्यमंत्री-कृषि मंत्री को पत्र और मुलाकात की तैयारी
विधायक छाया मोरे ने बयान जारी करते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर नुकसान की जानकारी उन्होंने प्रशासन तक पहुंचा दी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से चर्चा कर सर्वे शीघ्र कराने और अधिक से अधिक सहायता राशि स्वीकृत कराने की मांग की है।
विधायक ने यह भी कहा कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को पत्र लिखेंगी और स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर पंधाना क्षेत्र के किसानों को अधिकतम राहत दिलाने का प्रयास करेंगी।
पहले भी किसानों के हक में सबसे आगे रहीं विधायक मोरे
गौरतलब है कि इससे पहले सोयाबीन फसल में हुए नुकसान के दौरान भी पंधाना विधायक छाया मोरे ने किसानों के हक में सबसे पहले आवाज उठाई थी, जिसका परिणाम यह रहा कि जिले में सबसे ज्यादा राहत राशि पंधाना विधानसभा क्षेत्र के किसानों को मिली।
अब एक बार फिर विधायक मोरे के सक्रिय हस्तक्षेप से किसानों को उम्मीद है कि इस बार भी नुकसान का सही सर्वे होकर उन्हें न्याय मिलेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण किसान एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
