मुख्य अभियंता ने बनगांव उपकेंद्र का किया निरीक्षण, भैंसा में निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र के कार्यों का लिया जायजा।
हटा/ विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से आज सागर क्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा बंगांव विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र की कार्यप्रणाली, रखरखाव एवं उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही विद्युत सेवाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात मुख्य अभियंता ने ग्राम भैंसा पहुंचकर निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र के कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों के संचालन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अमित चौहान, कार्यपालन अभियंता प्रवीण कुल्हारे एवं सहायक अभियंता राजेश सहाय सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि नए विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं में कमी आएगी।
