मूनक से दिल्ली तक गूंजेगी भारतीय बॉक्सिंग की नई पहचान : डॉ. राकेश मिश्र

*टोहाना में राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, PBL क्वालिफाइंग इवेंट के सेमीफाइनल में देशभर के मुक्केबाजों ने दिखाया दमखम*
*भारत की पहली प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए तैयार तालकटोरा स्टेडियम, जियो हॉटस्टार पर होगा सीधा प्रसारण*
मूनक (संगरूर), 13 जून। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) द्वारा आयोजित तीसरे PBL क्वालिफाइंग इवेंट “पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल ट्रॉफी-2026” के दूसरे दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे। देश के विभिन्न राज्यों से आए मुक्केबाजों ने फाइनल में स्थान सुनिश्चित करने के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता स्थल के लिए जाते समय IABF के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र का हरियाणा के टोहाना रेलवे स्टेशन पर पंजाब एवं हरियाणा इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा जोरदार एवं गर्मजोशीपूर्ण स्वागत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनका अभिनंदन करते हुए संगठन तथा मुक्केबाजी खेल के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सेमीफाइनल सत्र में बैंटम वेट (53.5 किग्रा) वर्ग में देवेंद्र सिंह सोलंकी (राजस्थान) का मुकाबला करण कुमार (कर्नाटक) से तथा निर्मल (पंजाब) का मुकाबला मनोज कुमार (उत्तराखंड) से हुआ। लाइट वेट (61.2 किग्रा) वर्ग में ध्रुव गुर्जर (मध्य प्रदेश) ने युवराज (जम्मू-कश्मीर) का सामना किया, जबकि दूसरे मुकाबले में रोहित (दिल्ली) और लवप्रीत सिंह (पंजाब) आमने-सामने रहे।
मिडिल वेट (72.6 किग्रा) वर्ग में आदित्य राज (जम्मू-कश्मीर) का मुकाबला सौरभ (त्रिपुरा) से तथा विकास (बिहार) का मुकाबला अमन दुहान (दिल्ली) से हुआ। लाइट हेवी वेट (79.4 किग्रा) वर्ग में रॉबिन सिवाच (दिल्ली) ने युवराज (गोवा) का सामना किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पर्व (पंजाब) और कपिल शर्मा (मध्य प्रदेश) के बीच मुकाबला हुआ। क्रूजर वेट (90.7 किग्रा) वर्ग में दीपक शर्मा (दिल्ली) का मुकाबला रणदीप (आंध्र प्रदेश) से तथा हरविंदर सिंह (पंजाब) का मुकाबला देवेंद्र मुक्कर (राजस्थान) से हुआ।
अपने उद्घाटन संबोधन में डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि भारतीय मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त पहचान दिलाने के लिए उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि IABF इसी लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है ताकि भारतीय मुक्केबाज भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेलों और ओलंपिक में अधिकाधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के खेलों को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प को साकार करने के लिए IABF द्वारा प्रो बॉक्सिंग लीग, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मूनक जैसे छोटे शहर में देशभर के खिलाड़ियों की सहभागिता भारतीय मुक्केबाजी के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है।
डॉ. मिश्र ने बताया कि भारत की पहली प्रो बॉक्सिंग लीग (PBL) के लिए नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए बुकमायशो की विशेषज्ञ टीम विशेष साज-सज्जा, मंच निर्माण और प्रोडक्शन कार्यों में जुटी हुई है। चयनित खिलाड़ियों की विशेष ट्रेनिंग और ग्रूमिंग भी जारी है।
उन्होंने बताया कि 6 से 10 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग का प्रतिदिन शाम 5 बजे से 10 बजे तक जियो हॉटस्टार OTT प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। विश्व स्तरीय खेल आयोजनों की तर्ज पर होने वाले इस लाइव प्रसारण से भारतीय मुक्केबाजों को व्यापक पहचान मिलेगी तथा भारतीय बॉक्सिंग के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
डॉ. मिश्र ने विश्वास व्यक्त किया कि यह लीग भारतीय मुक्केबाजी के इतिहास में एक नए युग की शुरुआत करेगी और आने वाले वर्षों में भारत को विश्व बॉक्सिंग मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
