पीबीएल के लिए इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन का तीसरा ट्रायल मूनक संगरूर में संपन्न:डॉ. राकेश मिश्र

*पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल ट्रायल टूर्नामेंट में 14 राज्यों के महिला पुरुष बॉक्सरों ने दिखाया दमखम: सुनीता दुग्गल(पूर्व सांसद)*
*रेफरी-जज प्रशिक्षण एवं चयन परीक्षा में पांच लोग सफल:राकेश ठाकरान*
संगरूर (पंजाब), 15 जून। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) द्वारा आगामी 6 से 10 जुलाई तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) के लिए तीसरा चयन ट्रायल पंजाब के संगरूर जिले के मूनक शहर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस ट्रायल के अंतिम दिन रविवार सायं 6 बजे से शुरू हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक, खेल प्रेमी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
*पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों, रेफरी-जजों और खेल अधिकारियों का हुआ सम्मान: संजय शेर सिंह*
यह आयोजन महान भारतीय मुक्केबाज पद्मश्री कौर सिंह की स्मृति में “पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल ट्रायल टूर्नामेंट” के रूप में आयोजित किया गया। पद्मश्री कौर सिंह को वर्ष 1982 में भारतीय मुक्केबाजी में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया था। इस अवसर पर उनके परिवार की ओर से उनकी धर्मपत्नी, पुत्रवधू एवं अन्य परिजन उपस्थित रहे। आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने उन्हें प्रभु श्रीराम का चित्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
आयोजन में अर्जुन पुरस्कार विजेता वरिष्ठ बॉक्सर, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीएसपी, एसपी तथा विभिन्न सामाजिक एवं खेल संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सिरसा लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। आईएबीएफ द्वारा उनका विशेष सम्मान किया गया।
*पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल ट्रायल टूर्नामेंट में 14 राज्यों के महिला पुरुष बॉक्सरों ने दिखाया दमखम: सुनीता दुग्गल(पूर्व सांसद)*
अपने संबोधन में श्रीमती सुनीता दुग्गल ने कहा कि हरियाणा और पंजाब लंबे समय से भारतीय मुक्केबाजी के गढ़ रहे हैं। इस क्षेत्र के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों से मुक्केबाजी की गतिविधियाँ धीमी पड़ गई थीं, किंतु डॉ. राकेश मिश्र जी के नेतृत्व में उन्हें पुनः नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा है कि भारत में खेलों, विशेषकर मुक्केबाजी का स्तर निरंतर आगे बढ़े और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएँ प्राप्त हों। उन्होंने ट्रायल में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट आयोजन, आधुनिक सुविधाओं और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के कारण देशभर से खिलाड़ी बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
आईएबीएफ के राकेश भारद्वाज के अनुसार इस ट्रायल में देश के 14 राज्यों से महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तरीय मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता का कमेंट्री सहित लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे खेल प्रेमियों ने काफी सराहा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह ने संपूर्ण प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं श्री रंजीत सिंह (फिरोजपुर) द्वारा अधिकारियों, रेफरी, जजों एवं कोचों को स्मृतिचिह्न एवं विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।
*रेफरी जजों की बैठक संपन्न: सुरेन्द्र सिंह सोलंकी*
इसी आयोजन के दौरान इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा चार दिवसीय रेफरी एवं जज प्रशिक्षण तथा मूल्यांकन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। सफल अभ्यर्थियों को रिंग कमेटी अधिकारी प्रभारी श्री राकेश भारद्वाज द्वारा आईएबीएफ ब्लेजर, शर्ट, आधिकारिक लोगो एवं रिकॉर्ड बुक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र जी ने सभी रेफरी, जजों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाशाली मुक्केबाजों की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल के समुचित विकास के लिए प्रशिक्षित रेफरी और जजों की संख्या बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आईएबीएफ द्वारा आयोजित प्रत्येक प्रतियोगिता के साथ रेफरी एवं जज भर्ती तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में देश को अधिक योग्य तकनीकी अधिकारी उपलब्ध हो सकें।
मूनक मंडी पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने डॉ. राकेश मिश्र का पुष्पगुच्छ, मालाओं तथा स्वर्ण मंदिर के प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया। आईएबीएफ के महासचिव श्री राकेश ठाकरान ने कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन करते हुए भारतीय मुक्केबाजी के गौरवशाली इतिहास एवं पुराने स्वर्णिम दिनों का स्मरण कराया।
*प्रो बॉक्सिंग लीग का 6 से 10 जुलाई तक दिल्ली में होगा भव्य पीबीएल आयोजन*
अपने संबोधन में डॉ. राकेश मिश्र ने देशभर के मुक्केबाजी परिवार, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रशासकों से आह्वान किया कि वे सभी मतभेदों को भुलाकर भारतीय मुक्केबाजी के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की भावना है कि खेलों में खेल भावना, पारदर्शिता एवं अवसरों का विस्तार हो। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा भी मुक्केबाजी के विकास हेतु सकारात्मक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
आयोजकों ने बताया कि दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में जियो हॉटस्टार, बुकमायशो तथा अन्य प्रसारण एवं प्रमोशनल टीमों द्वारा खिलाड़ियों के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। आयोजन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रचार-प्रसार कार्यों में पेशेवर एजेंसियाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं ताकि देश की पहली प्रो बॉक्सिंग लीग को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिल सके।
यह संपूर्ण आयोजन विभिन्न यूट्यूब चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्मों के माध्यम से देश-विदेश में सीधा प्रसारित किया गया, जिसे लाखों दर्शकों ने देखा।
*इनकी रही उपस्थिति:*
इस अवसर पर आईएबीएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री संजीव कुमार, पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, शशिकांत मिश्रा, कर्मवीर सिंह, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री अभिजीत पांडव, मृगेन्द्र वीर सिंह मिट्ठू लुधियाना, ऋषि खैरा पूर्व ज़िलाध्यक्ष , बलदेव सैनी, संकेत गर्ग, सुश्री वेदी सहित देशभर से आए अनेक गणमान्य नागरिक, खेल अधिकारी एवं मुक्केबाजी प्रेमी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) भारतीय मुक्केबाजी के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी तथा देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी।
