बच्चों संग बच्ची बनीं विधायक कंचन तनवे, स्कूल बैग बांटकर दिया ‘खूब पढ़ो, खूब बढ़ो’ का संदेश।
मथेला स्कूल में खुशियों की सौगात, बच्चों के साथ लुका-छिपी खेलती नजर आईं विधायक।
खंडवा के मथेला गांव स्थित नवीन प्राथमिक शाला में स्नान पूर्णिमा के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया,सामाजिक सहयोगी परिवार के सहयोग से सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कंचन मुकेश तनवे शामिल हुईं।
विधायक कंचन तनवे ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित कर उन्हें “खूब पढ़ो, खूब बढ़ो” का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों को चॉकलेट, फ्रूटी, फल और विशेष मध्यान्ह भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब बच्चों के आग्रह पर विधायक अपनी गाड़ी से लौटकर उनके साथ लुका-छिपी खेलने लगीं। कुछ देर के लिए जनप्रतिनिधि और बच्चों के बीच की औपचारिकता खत्म हो गई और पूरा परिसर बच्चों की खिलखिलाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। बच्चों के साथ विधायक का आत्मीय व्यवहार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना।
