जिला अस्पताल का सीईओ डॉ. गोड़ा ने किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा,
खंडवा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गोड़ा ने बुधवार को जिला चिकित्सालय एवं सीएमएचओ कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अधोसंरचना का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएमएचओ कार्यालय की जर्जर छत का निरीक्षण कर उसके सुधार हेतु शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके बाद डॉ. गोड़ा ने मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल पहुंचकर प्रस्तावित मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही एसएनसीयू के मदर वार्ड में प्रस्तावित शौचालय निर्माण के लिए भी स्थल का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल, मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. रंजीत बड़ोले, सहायक अधीक्षक डॉ. सुनील बाजोलिया सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
