प्रो बॉक्सिंग लीग के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले, पंजाब फाइटर्स की शानदार जीत,भारतीय मुक्केबाजी को नई पहचान देगी प्रो बॉक्सिंग लीग: डॉ. राकेश मिश्र
नई दिल्ली। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) द्वारा तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रो बॉक्सिंग लीग के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मनोज तिवारी, पूर्व न्यायाधीश ब्रजेश सेठी, न्यायमूर्ति सुधीर जैन, मध्य प्रदेश के शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और राज्य मंत्री लखन पटेल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि देशभर में आयोजित 16 चयन प्रतियोगिताओं से चुने गए प्रतिभाशाली मुक्केबाजों को प्रो बॉक्सिंग लीग के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच मिला है। उन्होंने कहा कि लीग भारतीय मुक्केबाजी के लिए नए युग की शुरुआत है।
दिन के पहले मुकाबले में पंजाब फाइटर्स ने आंध्र वॉरियर्स को 5–3 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में मध्य महायोद्धा और ईस्टर्न टाइगर्स के बीच मुकाबला 4–4 की बराबरी पर रहा। कार्यक्रम में खेल, प्रशासन और समाज जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। फेडरेशन ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले ग्रैंड फिनाले और पुरस्कार वितरण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
