दादाजी मेले से पहले स्पेशल ट्रेन की मांग, सद्भावना मंच ने रेल मंत्री को किया ई-मेल और ट्वीट,28 से 30 जुलाई तक विशेष रेल सेवा चलाने की मांग, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उठी आवाज़।![]()
खंडवा। श्री दादाजी धूनीवाले की समाधि पर 28, 29 और 30 जुलाई को लगने वाले धार्मिक आयोजन को देखते हुए सद्भावना मंच ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग उठाई है। मंच के संस्थापक प्रमोद जैन के नेतृत्व में सदस्यों ने केंद्रीय रेल मंत्री, मंडल रेल महाप्रबंधक मुंबई और डीआरएम भुसावल को सामूहिक ई-मेल और ट्वीट भेजे।
मंच ने कोरोना काल से बंद नागपुर–भुसावल (वाया इटारसी) दादाजी एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने की मांग दोहराई। साथ ही इन तीन दिनों के लिए खंडवा–सनावद मेमू और खंडवा–बीड़–इटारसी मेमू ट्रेनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि दादाजी धाम और ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर खंडवा नगर निगम के नवनियुक्त एल्डरमैन रमाकांत पांडे का सद्भावना मंच द्वारा शाल, श्रीफल और मोतियों की माला पहनाकर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में मंच के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
