दादाजी मेले में तीन दिन मेमू ट्रेन चलाने की मांग, रेलवे को सौंपा ज्ञापन।![]()
खंडवा। गुरुपूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सद्भावना मंच ने बुधवार और गुरुवार को भी खंडवा–सनावद तथा खंडवा–बीड–इटारसी मेमू ट्रेन चलाने की मांग की है। मंच के संस्थापक प्रमोद जैन के नेतृत्व में सदस्यों ने स्टेशन मास्टर जी.एल. मीणा के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक और महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि श्री दादाजी धूनीवाले की समाधि और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खंडवा पहुंचते हैं। ऐसे में 28, 29 और 30 जुलाई को लगातार तीनों दिन दोनों मेमू ट्रेनों का संचालन किया जाए। साथ ही वर्षों से बंद नागपुर–भुसावल (वाया इटारसी) दादाजी एक्सप्रेस को भी इन तीन दिनों के लिए चलाने की मांग की गई है।
इस दौरान एल्डरमैन रमाकांत पांडे, पं. कृष्ण कुमार व्यास, डॉ. जगदीशचंद्र चौरे, सुरेंद्र गीते, ओम पिल्लै, गणेश भावसार, कमल नागपाल, एन.के. दवे, मनोज जोशी, राधेश्याम शाक्य, निर्मल मंगवानी, सुभाष मीणा, कैलाश पटेल सहित सद्भावना मंच के कई सदस्य मौजूद रहे।
