कन्या महाविद्यालय में ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’
, छात्राओं ने प्रतियोगिताओं के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
खंडवा। माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय में युवा रेडक्रॉस इकाई द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगोली, निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी अनिल सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, लक्ष्य और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। महिला थाना प्रभारी सुलोचना गेहलोत ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा किसी भी समस्या में पुलिस से सहायता लेने का आग्रह किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा कदम ने कहा कि बेटियां नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई, देशभक्ति और अच्छे कार्यों का “नशा” अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं स्टाफ ने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत नशामुक्त रहने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन युवा रेडक्रॉस इकाई की सचिव डॉ. सीमा मंडलोई ने किया। इसमें महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
