*शासकीय उत्कृष्ट वेंकट क्रमांक-1 में पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास का प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न
*“शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम”: शिवम् बढौलिया*
*“सम्मान से विद्यार्थियों का बढ़ता है आत्मविश्वास”:विजय सिंह पटेल*
सतना, 27 जुलाई 2026। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र के मार्गदर्शन में शासकीय उत्कृष्ट वेंकट क्रमांक-1 विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य के.पी.एस. सिंह बघेल ने सेवा न्यास के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए न्यास द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर सेवा न्यास के कार्यकर्ता शिवम् बढौलिया ने कहा कि “शिक्षा ही वह शक्ति है, जिसके माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन का सर्वोच्च मुकाम प्राप्त कर सकता है। डॉ. राकेश मिश्र के नेतृत्व में सेवा न्यास स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में निरंतर समाजसेवा कर रहा है।”
सेवा न्यास के मीडिया प्रमुख राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’ ने विद्यार्थियों से सेवा भावना अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “सेवा परमो धर्मः की भावना विद्यार्थी जीवन से ही विकसित होनी चाहिए। यही संस्कार व्यक्ति को श्रेष्ठ नागरिक बनाते हैं और समाज को सशक्त करते हैं।”
सेवा न्यास की सांस्कृतिक प्रमुख श्रीमती शीलम सैनी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा होती है, जिसे शिक्षक सही मार्गदर्शन देकर निखारते हैं। इसी उद्देश्य से सेवा न्यास प्रत्येक वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करता है।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को अंगवस्त्र, आकर्षक घड़ी, भगवान धन्वंतरी का दुर्लभ चित्र, “प्लास्टिक मुक्त सतना” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण अनुकूल थैला तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
*इनकी रही उपस्थिति:*
कार्यक्रम में प्राचार्य के.पी.एस. सिंह बघेल, मोहित गर्ग, विजय सिंह पटेल, राजीव व्यास, श्रीमती शीलम सैनी, रश्मि सैनी, अनिल कुमार सैनी, शिवम् बढौलिया, विमल नामदेव, राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’, विद्यालय के शिक्षकगण, सेवा न्यास के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
