खालवा-टीटगांव में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई:

0
80

शेख़ आसिफ ब्यूरो खंडवा

खालवा-टीटगांव में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई:

38 पाव देशी शराब, 81 लीटर हाथ भट्टी शराब और 720 किलो महुआ लहान जब्त; 14 प्रकरण दर्ज।

खंडवा। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खालवा एवं टीटगांव क्षेत्र के विभिन्न गांवों और किराना दुकानों पर आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लहान जब्त किया।

गांवों और दुकानों पर दी दबिश

कलेक्टर श्री ऋषब गुप्ता के निर्देशन, जिला आबकारी अधिकारी श्री विनय रंगशाही के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी कंट्रोलर श्री चंदन सिंह मीणा के नेतृत्व में आबकारी दल ने 2 और 3 सितंबर 2026 को कार्रवाई की।
टीम ने खंडवा जिले के वृत्त नया हरसूद एवं वृत्त खंडवा ‘ब’ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जमनिया, मानपुरा, लखौरा रैयत और टीटगांव सहित खालवा क्षेत्र की किराना दुकानों पर दबिश दी।

87 हजार रुपये की सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 38 पाव देशी मदिरा प्लेन, 81 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 720 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया। जब्त शराब एवं महुआ लहान की अनुमानित बाजार कीमत करीब 87 हजार रुपये बताई गई है।

महुआ लहान को आबकारी विभाग की टीम द्वारा नियमानुसार मौके पर ही नष्ट किया गया।

14 प्रकरण दर्ज

अवैध शराब के मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915/2000 की धारा 34(1) क एवं च के तहत कुल 14 प्रकरण कायम किए गए हैं।

कार्रवाई लगातार जारी
खंडवा जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कई स्थानों पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के साथ सख्ती भी की जा रही है। पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

विभाग द्वारा लगातार चेतावनी दी जा रही है कि अवैध शराब का निर्माण, संग्रहण या बिक्री करने वाले लोग ऐसी गतिविधियां तत्काल बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में वृत्त खंडवा ‘ब’ प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक हेमलता डाबर, वृत्त नया हरसूद प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक किरण पवार, आबकारी उपनिरीक्षक शिवप्रसाद काजले, मुख्य आरक्षक श्रवण रावत तथा आरक्षक बादल मुजाल्दे और उमेश सिलाले उपस्थित रहे।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, निर्माण और विक्रय के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

#Shaikh Asif Khandwa

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here