पंधाना विधायक छाया मोरे और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की पहल से क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत।

0
46

(शेख़ आसिफ खंडवा) पंधाना विधायक छाया मोरे और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की पहल से क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत।IMG 20251229 WA0011

पंधाना क्षेत्र की रेल व यातायात समस्याओं पर भुसावल DRM ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल एवं आवागमन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे और खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की संयुक्त एवं सशक्त पहल अब रंग लाती दिखाई दे रही है। क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर दोनों जनप्रतिनिधियों ने न केवल पत्राचार किया, बल्कि भुसावल मंडल स्तर पर सीधे मुद्दों को मजबूती से रखा।
सोमवार को भुसावल मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित मंडल स्तरीय रेलवे बोर्ड की बैठक के दौरान विधायक छाया मोरे एवं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा DRM पुनीत अग्रवाल को मांग पत्र सौंपकर पंधाना क्षेत्र की प्रमुख रेल व यातायात समस्याओं से अवगत कराया गया।
विधायक छाया मोरे ने भुसावल–कटनी रेलखंड पर संचालित साधारण यात्री गाड़ियों के बगमार, कोहदड़ एवं डोंगरगांव रेलवे स्टेशनों पर कोरोना काल में बंद किए गए स्टॉपेज को तत्काल पुनः प्रारंभ करने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि इन स्टेशनों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र, कृषक, श्रमिक एवं व्यापारी वर्ग यात्रा करता है, लेकिन स्टॉपेज बंद होने से लोगों को महंगे व असुविधाजनक वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
वहीं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कोहदड़ स्टेशन एवं डोंगरगांव के बीच स्थित पुरानी पुलिया पर ओवर ब्रिज अथवा अंडर ब्रिज निर्माण का मामला मजबूती से उठाया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से लगभग 30 गांवों के लोगों का रोजाना आवागमन होता है। बारिश के दिनों में पुलिया जलमग्न हो जाने से रास्ता बंद हो जाता है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जो गंभीर दुर्घटनाओं को आमंत्रण देता है।
बैठक के दौरान DRM पुनीत अग्रवाल ने दोनों जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि नए वर्ष से जिन रेलवे स्टेशनों पर यात्री ट्रेनें नहीं रुक रही हैं, वहां स्टॉपेज पुनः प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे अंडर पास एवं ओवर ब्रिज के निर्माण को लेकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा भी दिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में भुसावल रेल मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने विधायक छाया मोरे और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की सक्रियता, समन्वय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि यदि दिए गए आश्वासन धरातल पर उतरे तो पंधाना क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
जनहित में की गई यह संयुक्त पहल न केवल क्षेत्र की आवाज़ को केंद्र तक मजबूती से पहुंचाती है, बल्कि विकास, सुविधा और जनसुरक्षा के प्रति जनप्रतिनिधियों की गंभीरता को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here