रुधी से देशगांव फोरलेन पर,कालमुखी पहुंच मार्ग जोड़ने की मांग, 10 गांवों के प्रतिनिधियों ने विधायक छाया मोरे को सौंपा ज्ञापन…

खण्डवा (शेख़ आसिफ)रुधी से देशगांव तक बन रही फोरलेन सड़क को लेकर आसपास के गांवों की जनता ने अपनी गंभीर समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। कालमुखी क्षेत्र के 10 गांवों के सचिव, सरपंच एवं ग्रामीणों ने विधायक छाया मोरे को ज्ञापन सौंपकर फोरलेन सड़क से कालमुखी पहुंच मार्ग जोड़ने की मांग रखी। समाजसेवी और प्रवक्ता सुनील जी ने बताया कि क्षेत्र वासियों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि खण्डवा से कालमुखी पहुंच मार्ग वर्षों से राजमार्ग के रूप में उपयोग में रहा है और इसी मार्ग से आगे देशगांव की ओर फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन कालमुखी से फोरलेन सड़क पर सीधे पहुंच के लिए कोई सर्विस रोड नहीं बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र के कई गांवों की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि कालमुखी से फोरलेन सड़क को सर्विस रोड से नहीं जोड़ा गया, तो कालमुखी, सहेजला, सिरी, रोहनी, भैरुखेड़ा, अत्तर, तलवडिया, टोकरेखेड़ा, सालई, गजवाड़ा, नावली, पलासी, दुगावड़ा सहित अन्य गांवों के लोग फोरलेन सड़क के उपयोग से वंचित रह जाएंगे। इससे न केवल आवागमन में कठिनाई होगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि फोरलेन तक सीधा संपर्क न होने की स्थिति में ग्रामीणों को ईंधन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर बोझ बढ़ेगा। ग्रामीणों ने मांग की कि रुधी से देशगांव की ओर बन रही फोरलेन सड़क को कालमुखी पहुंच रोड के माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि सभी गांवों को इसका लाभ मिल सके। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इस बात का ज्ञापन ग्रामीणों ने जनसुनवाई में भी दिया ओर अब विधायक छाया मोरे ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांग पूरी करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों से चर्चा कर समाधान निकालने का भरोसा भी दिलाया।
