मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान,
सतना हाफ मैराथन से जुड़ने का आह्वान
*होली चाइल्ड स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह, स्पीकर बोले— सफलता का मंत्र है जीवनभर विद्यार्थी बने रहना*
सतना। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की प्रेरणास्रोत परम पूज्य श्रीमती शांति मिश्रा जी की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र के मार्गदर्शन में प्रेम नगर स्थित होली चाइल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा, सेवा और संस्कार का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुआ। विद्यालय के डायरेक्टर प्रमोद पांडे ने मुख्य अतिथि नगर निगम स्पीकर राजेश चतुर्वेदी पालन, पूर्व पार्षद राधा श्रीवास्तव तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
*मुख्य अतिथि राजेश चतुर्वेदी पालन* ने शांति मिश्रा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और खेल के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शांति मिश्रा जी के सेवा, संस्कार और समर्पण के आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा, “जीवन में सफल होना है तो हमेशा विद्यार्थी बने रहिए। सीखना कभी बंद मत कीजिए, क्योंकि सीखने वाला व्यक्ति ही आगे बढ़ता है।”
*विद्यालय के डायरेक्टर प्रमोद पांडे ने कहा कि डॉ. राकेश मिश्र जी* के नेतृत्व में आयोजित सतना हाफ मैराथन ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। इसमें देशभर के धावक भाग लेने आते हैं, जो पूरे सतना के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगामी सतना हाफ मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
सेवा न्यास के कार्यकर्ता राजीव व्यास ने बताया कि कक्षा 10वीं में जानवी बेन (प्रथम), दीपांशु सिंह (द्वितीय) एवं आदर्श गौतम (तृतीय) तथा कक्षा 12वीं में सक्षम पांडेय (प्रथम), आशी पांडे (द्वितीय) एवं आशी खरे (तृतीय) को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह, आकर्षक घड़ी, भगवान धन्वंतरि का चित्र, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला कपड़े का थैला तथा सेवा न्यास की सेवा गतिविधियों पर आधारित प्रेरणादायी पुस्तकें भेंट की गईं।
समारोह में राजेश चतुर्वेदी पालन, प्रमोद पांडे, राजीव व्यास, राधा श्रीवास्तव, डॉ. चंदा शर्मा, शीलम सैनी, लखनलाल शुक्ला, शिवांशु पांडे, ज्योति गौतम, सीता तिवारी, स्नेहलता निगम, आरती गौतम, प्रियंका पांडे, आशीष तिवारी, विजय सिंह पटेल, राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जानकारी सेवा न्यास के मीडिया प्रमुख राजेश त्रिपाठी ‘नीलू’ ने दी।
