25 अक्टूबर को दौड़ेगा सतना, सातवें संस्करण की हाफ मैराथन में देशभर के धावकों का होगा संगम: डॉ. राकेश मिश्र

0
59

25 अक्टूबर को दौड़ेगा सतना, सातवें संस्करण की हाफ मैराथन में देशभर के धावकों का होगा संगम: डॉ. राकेश मिश्र

“*श्रीमती शांति मिश्रा जी की जन्मशताब्दी वर्ष” पर पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास का राष्ट्रीय आयोजन*

*चार लाख से अधिक की पुरस्कार राशि, ऑनलाइन पंजीयन शुरू: रवि शंकर द्विवेदी*

सतना, 7 अगस्त। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा परम पूज्य श्रीमती शांति मिश्रा जी की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर सतना हाफ मैराथनः2026 (सप्तम संस्करण) का आयोजन 25 अक्टूबर 2026 (रविवार) को किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से हजारों धावकों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, व्यंकट क्रमांक-1, सतना के खेल मैदान से होगा।

सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने बताया कि लगातार सातवें वर्ष आयोजित की जा रही यह मैराथन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत, फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण, युवा जागरूकता और विंध्य क्षेत्र के पर्यटन संवर्धन का जन अभियान बन चुकी है।

*विंध्य की पहचान को राष्ट्रीय मंच देने का प्रयास: राजीव व्यास*

डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि सतना हाफ मैराथन का उद्देश्य केवल धावकों को मंच प्रदान करना नहीं है, बल्कि विंध्य एवं बुंदेलखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना भी है। चित्रकूट, मैहर, खजुराहो, ओरछा, भीमकुंड, पन्ना टाइगर रिजर्व, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एवं बांधवगढ़ जैसे विश्वप्रसिद्ध स्थलों को खेल पर्यटन से जोड़ने का यह अभिनव प्रयास है।

*तीन वर्गों में होगी प्रतियोगिता: अजय मिश्रा*

प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित की जाएगी। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 18 से 45 वर्ष तथा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला धावक भाग ले सकेंगे। 10 किलोमीटर युवा दौड़ में 12 से 45 वर्ष एवं 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अवसर मिलेगा। वहीं 5 किलोमीटर अमृत दौड़ सभी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए खुली रहेगी।

*चार लाख से अधिक की पुरस्कार राशि*

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में 60 विजेताओं को चार लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। महिला एवं पुरुष वर्ग की पुरस्कार राशि समान रखी गई है, जिससे खेलों में समान अवसर और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।

*ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ: रविशंकर द्विवेदी*

प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। प्रतिभागी सेवा न्यास की *वेबसाइट nyas.gpmsevanyas.org* पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन समिति ने देशभर के धावकों, खेल संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से इस राष्ट्रीय आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया है।

*फिट इंडिया अभियान को मिलेगा बल: डॉ. राकेश मिश्र*

डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि सतना हाफ मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशामुक्ति का संदेश देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना विकसित करना तथा “फिट इंडिया–हिट इंडिया” अभियान को जन-जन तक पहुँचाना है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की भावना से युवाओं को जागरूक करना है। पिछले छह संस्करणों की सफलता के बाद इस वर्ष का आयोजन और भी भव्य एवं व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

*सहभागिता का किया आह्वान: विजय सिंह पटेल*

सेवा न्यास ने सभी खेल प्रेमियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली सतना हाफ मैराथन–2026 में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक और सफल आयोजन बनाने में अपना योगदान दें।

उक्त जानकारी पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास के मीडिया प्रमुख राजेश त्रिपाठी नीलू ने दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here